अमेरिका में गन खरीदना सब्जी खरीदने जितना आसान

अमेरिका में गन खरीदना सब्जी खरीदने जितना आसान

अमेरिका में गन खरीदना सब्जी खरीदने जितना आसान:- लोग 33 करोड़ और गन 40 करोड़; पिछले 50 साल में 15 लाख मारे गए


तारीखः 4 जुलाई 2022। जगहः अमेरिका के इलेनॉय राज्य का हाईलैंड पार्क। समयः सुबह 10 बजे (भारत में शाम 7.30 बजे)।


अमेरिका की फ्रीडम डे परेड देखने के लिए सैकड़ों लोग इकट्ठा थे, तभी एक हमलावर ने एक दुकान की छत से ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। इस हमले में 6 लोगों की मौत हो गई और 31 लोग घायल हैं।


ये घटना भी अमेरिका में लगातार हो रही मास शूटिंग के पैटर्न का एक हिस्सा है। आज के भास्कर एक्सप्लेनर में हम अमेरिका के कुख्यात गन कल्चर की पूरी कहानी बता रहे हैं...


अमेरिका में 230 साल पुराना है गन कल्चर का इतिहास


अमेरिका में इस कल्चर की शुरुआत तब हुई थी, जब वहां अंग्रेजों का शासन था। उस समय वहां स्थायी सिक्योरिटी फोर्स नहीं थी, इसीलिए लोगों को अपनी और परिवार की सुरक्षा की चिंता होती थी।


1791 में संविधान के दूसरे संशोधन के तहत अमेरिका नागरिकों को हथियार रखने और खरीदने का अधिकार दिया गया। अमेरिका का ये कानून आज भी जारी है।


सब्जी खरीदने जितना आसान अमेरिका में गन खरीदना


बंदूक खरीदते समय खरीदार को एक फॉर्म में नाम, पता, जन्मतिथि और नागरिकता की जानकारी देनी होती है। बंदूक बेचने वाले खरीदार की जानकारी अमेरिकी खुफिया एजेंसी फेडरल ब्यूरो ऑफ इंवेस्टिगेशन, यानी FBI से साझा करता है, जो बंदूक खरीदार के बैकग्राउंड की जांच करती है।


अमेरिका के द गन कंट्रोल एक्ट (GCA) के मुताबिक, राइफल या कोई भी छोटा हथियार खरीदने के लिए न्यूनतम उम्र 18 साल और अन्य हथियारों जैसे हैंडगन खरीदने की न्यूनतम उम्र 21 साल होनी चाहिए।


अमेरिका में केवल समाज के लिए खतरनाक, भगोड़े, नशे में संलिप्त, मानसिक रूप से बीमार और 1 साल से अधिक जेल और 2 साल से अधिक की सजा पाए लोगों को ही बंदूक खरीदने की इजाजत नहीं है।


अमेरिका की 33 करोड़ आबादी के पास 40 करोड़ गन


नागरिकों के बंदूक रखने के मामले में अमेरिका दुनिया में सबसे आगे है। स्विट्जरलैंड के स्मॉल आर्म्स सर्वे यानी SAS की रिपोर्ट के मुताबिक, दुनिया में मौजूद कुल 85.7 करोड़ सिविलियन गन में से अकेले अमेरिका में ही 39.3 करोड़ सिविलयन बंदूक मौजूद हैं। दुनिया की आबादी में अमेरिका का हिस्सा 5% है, लेकिन दुनिया की कुल सिविलियन गन में से 46% अकेले अमेरिका में हैं।


अक्टूबर 2020 में आए गैलप सर्वे के मुताबिक, 44% अमेरिकी वयस्क उस घर में रहते हैं, जहां बंदूकें हैं, इनमें से एक तिहाई वयस्कों के पास बंदूकें हैं।


दुनिया में केवल तीन ही देश ऐसे हैं, जहां बंदूक रखना संवैधानिक अधिकार है। अमेरिका, ग्वाटेमाला और मैक्सिको। हालांकि, अमेरिका की तुलना में ग्वाटेमाला और मैक्सिको में लोगों के पास काफी कम बंदूकें हैं। साथ ही पूरे मैक्सिको में केवल एक ही गन स्टोर है, जिस पर आर्मी का नियंत्रण है।


पिछले 50 सालों में 15 लाख लोगों की मौत का जिम्मेदार गन कल्चर


अमेरिका में बंदूक से हुई हिंसा की वजह से पिछले 50 वर्षों में 15 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। ये संख्या 1776 में अमेरिका की आजादी के बाद से पिछले करीब 250 सालों में ​अमेरिका के सभी युद्धों में मारे गए कुल सैनिकों की संख्या से भी ज्यादा है।


US सेंटर्स फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (CDC) की रिपोर्ट के मुताबिक, औसतन अमेरिका में हर दिन 53 लोगों की मौत गन की वजह से होती है। इस रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका में 79% हत्याएं बंदूकों से होती हैं।


गन कल्चर की वजह से अमेरिका में न केवल लोगों की हत्याओं के मामले बढ़े हैं, बल्कि इससे आत्महत्या के भी केस बढ़े हैं। CDC की रिपोर्ट के मुताबिक, 2019 में अमेरिका में बंदूक से 23 हजार से ज्यादा लोगों ने सुइसाइड किया था। ये इस दौरान दुनिया में बंदूक से आत्महत्या के कुल मामलों का 44% था।

गन कल्चर पर रोक न लग पाने की दो बड़ी वजहें


अमेरिका 230 साल बाद भी अपने गन कल्चर को नहीं खत्म कर पाया है। इसकी दो प्रमुख वजहें हैं...


1. कई अमेरिकी राष्ट्रपति से लेकर वहां के राज्यों के गवर्नर तक इस कल्चर को बनाए रखने की वकालत करते रहे हैं। थियोडेर रूजवेल्ट से लेकर फ्रैंकलिन डी रूजवेल्ट, जिमी कार्टर, जॉर्ज बुश सीनियर, जॉर्ज डब्ल्यू बुश और डोनाल्ड ट्रंप तक कई अमेरिकी राष्ट्रपति गन कल्चर की तरफदारी करते रहे हैं।


2. गन लॉबी भी इस कल्चर के बने रहने की प्रमुख वजह है। 2019 की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका में 63 हजार लाइसेंस्ड गन डीलर थे, जिन्होंने उस साल अमेरिकी नागरिकों को 83 हजार करोड़ रुपए की बंदूकें बेची थीं। नेशनल राइफल एसोसिएशन (NRI) अमेरिका में सबसे ताकतवर गन लॉबी है, जो वहां संसद सदस्यों को प्रभावित करने के लिए जमकर पैसा खर्च करती है। ये ताकतवर लॉबी गन कल्चर को खत्म करने के लिए प्रस्तावित दूसरे संविधान संशोधन में बदलावों का विरोध करती रही है।


 

Post a Comment

Previous Post Next Post